
अच्छे परिणाम नहीं मिलने पर जिम में समय व्यर्थ न करें। अच्छी फिटनेस पाने और मसल्स बढ़ने के लिए इन लाजवाब टिप्स को अपनाएं।
स्वस्थ शरीर हर किसी की चाहत होती है। गठीले और चुस्त शरीर पर कपड़े भी फबते हैं। गठीला शरीर पाने के लिए फिट रहने के साथ ही मसल्स बनाने की भी जरूरत होती है। इस लेख के जरिए हम आपको बता रहे हैं मसल्स बनाने के कुछ आसान उपाय।
अक्सर व्यस्त दिनचर्या हमारे व्यायाम के रूटीन में आड़े आती है। इस कारण हम अपने शरीर की उचित देखभाल भी नहीं कर पाते। हर रोज जिम जाकर व्यायाम करना भी संभव नहीं। इसका मतलब यह नहीं कि आप खुद को फिट नहीं रख सकते। मांसपेशियों का मजबूत होना जरूरी है क्योंकि ये शरीर की तमाम गतिविधियों में अहम भूमिका निभाती हैं। प्रोटीन युक्त आहार मसल्स को मजबूत बनाता है। मांसपेशियों के साथ ही त्वचा और बाल भी प्रोटीन के ही बने होते हैं। मांसपेशियों और ऊतकों की मरम्मत के लिए प्रोटीन जरूरी है।
मोटापा कम करें
अगर आप फिटनेस और मजबूत मसल्स पाना चाहते हैं तो सबसे पहले अपने शरीर की अतिरिक्त चर्बी को कम करें। पेट की मांसपेशियों को मजबूत बनाएं और पेट को बाहर न निकलने दें। आज से ही मोटापे पर नियंत्रण करना शुरू कर दें।
संतुलित आहार लें
मांसपेशियों मजबूत हो, इसके लिए प्रोटीन के साथ ही मिनरल, विटामिन्स और कार्बोहाइड्रेट्स की भी जरूरत होती है। वजन कम करने के लिए अलग तरह की डायट होती है। यदि आप नियमित तौर पर कसरत करते हैं तो आपके लिए प्रोटीन काम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट युक्त डायट अच्छी रहेगी।
मसल्स बनाने के लिए संतुलित भोजन के साथ ही पोषक तत्वों की जरूरत होती है। एब्स बनाने के लिये शरीर का मैटाबॉलिज्म मजबूत होना चाहिए। इसके लिए आपको थोड़ी-थोड़ी देर में कुछ खाते रहना चाहिए। एक बार में ज्यादा खाने से चर्बी बढती है। आहार में दाल और मछली का सेवन करें, दूध भी पिएं। जंक फूड, केक, चॉकेलट और बिस्कुट आदि खाने से परहेज करें। हरी सब्जियों का सेवन फायदेमंद रहता है।
ब्रेकफास्ट करना न भूलें
सुबह का नाश्ता आपको सेहतमंद बनाता है। सुबह उठने के एक से डेढ़ घंटे बाद ब्रेकफास्ट करने से मैटाबॉलिज्म मजबूत होता है। डाइटीशियन बताते हैं कि सुबह 8 बजे नाश्ता, 11 बजे स्नैक, 1 बजे दोपहर का भोजन, शाम 4 बजे चाय और बिस्कुट, 7 बजे रात का भोजन और रात्रि 9 बजे हल्का-फुल्का खाना चाहिए।
कार्डियो वर्कआउट है जरूरी
कार्डियो वर्कआउट से चर्बी कम होती है और आप फिट रहते हैं। इसके लिये आप कसरत करें, चाहें तो साइक्लिंग, दौड़ना, स्वीमिंग या फिर डांसिंग भी कर सकते हैं। हफ्ते में 5 दिन व्यायाम जरूर करना चाहिए। जिम जाने से प्रतिदिन व्यायाम दिनचर्या का हिस्सा बन जाता है। जिम नहीं जा सकते तो रोजाना रनिंग करें।
वेट ट्रेनिंग व मसल बिल्डिंग
चर्बी कम होने के बाद जरुरत होती है मसल्स को टोन करने की। मसल्स बनाने के लिए क्रंचिज प्रभावशाली व्यायाम है। क्रंचिज करने से पेट के नीचे की मासपेशियां मजबूत होती हैं और पेट के ऊपर व बीच की मासपेशियों पर जोर पड़ता है। आप बाइसेप्स कर्ल भी कर सकते हैं। बाइसेप्स कर्ल, बाइसेप्स को सही शेप में लाने और उन्हें मजबूत करने के लिए अच्छी एक्सरसाइज है। पुश-अप्स आपके शरीर के ऊपरी हिस्सों को खूबसूरत शेप देते हैं।
Read More Article On Helth and Fitness in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।