
मेनोपॉज के दौरान स्वस्थ और खुश रहने के लिए प्राकृतिक उपायों को अपनाएं। ये उपाय आपको मेनोपॉज से जुड़ी समस्याओं से निबटने में मदद करेगा।
मेनोपॉज हर महिला के जीवन में आता है। अक्सर मेनोपॉज की उम्र 41 से 55 साल के बीच शुरू होती है। इस दौरान महिलाओं को कई समस्याओं को सामना करना पड़ता है लेकिन इन सभी समस्याओं का समाधान भी मौजूद है। अगर आप अपनी लाइफस्टाइल में थोड़ा सुधार कर लें तो आप इन दिनों में भी काफी कूल रह सकती हैं। आइए जानें मेनोपॉज के दौरान महिलाएं प्राकृतिक रुप से खुद को कैसे स्वस्थ रख सकती हैं।
रहें कूल
मेनोपॉज के दौरान हॉट फ्लेसेज की समस्या से जूझना पड़ता है, जिसमें अचानक बेहद गर्मी महसूस करती हैं। लेकिन कुछ ही समय में उन्हें कंपकंपी लगने लगती है। ऐसे में विचलित ना हो खुद को शांत रखें। अपने बेडरूम को रात के समय शांत एवं ठंडा रखें। दिन के समय कूलर या पंखा चलाएं। कॉटन जैसे प्राकृतिक फाइबर वाले हल्के कपड़े पहन कर रहें। गहरी और फिर धीमी सांसें लें (प्रति मिनट 6 से 8 बार)। सुबह-शाम 15 मिनट तक प्राणायाम करें।
खुद को रखें व्यस्त
एस्ट्रोजेन के स्तर में कमी आने से आपकी नींद प्रभावित हो सकती है। इस वजह से महिलाएं चिड़चिड़ी और अवसादग्रस्त भी हो सकती हैं। स्वयं को किसी ऐसी शारीरिक गतिविधि में व्यस्त रखें, जिसे आप सप्ताह में 5-6 बार करना पसंद करती हों जैसे डांसिग, पेंटिग, सिंगिंग आदि की क्लासेज।
थोड़ा-थोड़ा कई बार खाएं
दिन में सिर्फ तीन बार भोजन करने के बजाय पूरे दिन कई बार थोड़ा-थोड़ा करके भोजन करें। इससे ऊर्जा का स्तर बना रहेगा। प्रतिदिन प्रोटीनयुक्त आहार उचित मात्रा में लें।
आहार हो संतुलित
सोडा और जूस की जगह पानी अधिक मात्रा में पिएं। संतुलित आहार के साथ-साथ मल्टीविटामिन भी लें। ऐसे भोजन से परहेज करें, जिनमें वसा, चीनी और कार्बोहाइड्रेड अधिक हो। फास्ट फूड और मिठाई से बचें। चॉकलेट, चाय और सॉफ्ट ड्रिंक आपमें आलस्य पैदा कर सकते हैं।
शारीरिक समस्याओं से निबटें
मेनोपॉज के दौरान पैरों में दर्द एक बेहद आम समस्या है और साथ ही कभी-कभार चक्कर भी आते हैं। ऐसे में पालक जैसे आयरन युक्त भोजन करें और कुछ मामलों में आयरन सप्लीमेंट लें। लेटकर अपने दोनों पैरों को ऊपर उठाने की कोशिश करें। सहज महसूस करने के लिए इस व्यायाम के दौरान अपनी टांगों के नीचे तकिया रख सकती हैं। सक्रिय रहें और पैरों से जुड़े व्यायाम करें।
मानसिक सेहत पर दें ध्यान
मेनोपॉज के दौरान न सिर्फ किसी चीज पर ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होती है, बल्कि बेहद आम बातें भी दिमाग से उतर जाती हैं। अपनी समस्या को सिर्फ अपने तक ही सीमित न रखें, बल्कि इसके बारे में अपने साथी या दोस्तों को बताएं, ताकि आप कुछ आराम एवं हल्कापन महसूस कर सकें। स्वयं को कुछ इनडोर/आउटडोर गतिविधियों में व्यस्त रखें। पुस्तकें पढ़ने का प्रयास करें, कुछ शौक विकसित करें और सकारात्मक बने रहने की कोशिश करें। आप तनाव मुक्ति के लिए कुछ विशेष तकनीकों का भी इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।