
बेंटोनाइट क्ले से बना फेस मास्क आपकी त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद एंटीमाइक्रोबियल गुणों की वजह से यह त्वचा के लिए फायदेमंद होता है। इतना ही नहीं ये चेहरे की रंगत वापस लौटाता है।
इस भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते प्रदूषण के कारण महिलाएं हो या पुरुष दोनों ही अपने चेहरे की खोती रंगत से परेशान रहते हैं। इसके लिए वह तरह-तरह के ब्यूटी उत्पादों का सहारा लेते हैं ताकि अपनी चेहरे की खोई रंगत वापस पा सकें। लेकिन होता यह है कि इन उत्पादों के ज्यादा प्रयोग से चेहरा और खराब होने लगता है। अगर हम आपसे कहें कि अगर आप घर पर बनाए गए एक ऐसे मास्क से अपनी समस्या का निदान कर सकते हैं। जी हां, आपने बिल्कल ठीक पढ़ा। यह मास्क न केवल आपकी चेहरे की रंगत लौटाएगा बल्कि मुंहासे और ब्लैकहैड्स को भी दूर करने का काम करेगा। इस मास्क के लिए आपको बाजार जाने की भी जरूरत नहीं है। इस मास्क के लिए आपको केवल मिट्टी चाहिए। जी हां, हम बात कर रहे हैं क्ले मड मास्क की। क्ले में पानी मिलाकर इस मास्क को आसानी से बनाया जा सकता है, जिसे क्ले मड मास्क कहते हैं।
आप सोच रहे होंगे कि इस क्ले मड मास्क में ऐसा क्या स्पेशल है, जो इसे दूसरों से अलग बनाता है। कई अध्ययनों में सामने आया है कि होममेड क्ले-मड मास्क आपकी त्वचा के लिए कितना फायदेमंद है। यह मास्क न केवल त्वचा से जुड़ी समस्याओं को दूर करने का काम करता है बल्कि आपकी स्किन को भी डिटॉक्स करने में मदद करता है। इस क्ले मड मास्क को बनाने में हमेशा एक बात का ख्याल रखने की जरूरत है कि इसे कभी भी धातु के बर्तन में नहीं बनाना चाहिए या फिर इसे बनाते वक्त किसी प्रकार की धातु की सामग्री का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। आप इस मास्क को हमेशा प्लास्टिक या कांच के बर्तन में ही बनाएं।
ब्लैकहेड्स के लिए होममेड क्ले-मड मास्क
सामग्री : 3 चम्मच बेंटोनाइट क्ले (Bentonite clay), 1 चम्मच नींबू का रस, 3 बूंद एसेंशियल ऑयल, तौलिया और पानी आवश्यकतानुसार।
Buy Online: Mesmara Bentonite Clay (100g) & MRP.149.00/- only.
क्ले मड मास्क बनाने की विधि
- कांच के एक बर्तन में क्ले और ऊपर दी गई सामग्री को मिलाएं और एक चिकना पेस्ट बना लें।
- साफ तौलिया लें और उसे गुनगुने पानी में भिगोएं। तौलिया भिगोने के बाद उसे निचोड़ लें।
क्ले-मड मास्क लगाने का तरीका
- उसके बाद जब तौलिया गीला हो तो कम से कम एक मिनट तक चेहरे पर रखें।
- जब चेहरा हल्का गीला हो तो पेस्ट लें। पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर अच्छी तरह से लगा लें।
- पेस्ट को लगाने के बाद अच्छी तरह से सूखने के लिए छोड़ दें।
- जब पेस्ट बिल्कुल सूख जाए तो गुनगुने पानी से चेहरे को धो लें।
- चेहरा धोने के बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए चेहरा साफ करें।
महीने में चार बार आप इस क्ले-मड मास्क का प्रयोग कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ेंः शरीर में इन 4 चीजों की कमी से आंखों के नीचे आ जाते हैं डार्क सर्कल, जानें कैसे पूरी करें कमी
मुंहासे के लिए होममेड क्ले-मड मास्क
सामग्री : 2 चम्मच बेंटोनाइट क्ले (Bentonite clay), 2 टीस्पून बादाम या फिर जैतून का तेल, 3 बूंद टी ट्री एसेंशियल ऑयल, 3 बूंद लेवेंडर एसेंशियल ऑयल और 1 चम्मच खसखस।
क्ले-मड मास्क बनाने की विधि
- सभी चीजों को मिलाकर एक कांच के बर्तन में इसका पेस्ट बना लें।
क्ले-मड मास्क लगाने का तरीका
- सबसे पहले अपने चेहरे को गुनगुने पानी से अच्छी तरह धोएं।
- चेहरे को तौलिए से अच्छी तरह पोंछें।
- उसके बाद बनाए गए पेस्ट को चेहरे पर लगाएं।
- चेहरे पर पेस्ट लगाने के बाद उसे सूखने के लिए छोड़ दें।
- पेस्ट सूख जाने के बाद गुनगुने पानी से चेहरे को धोएं और घिसते हुए मास्क को निकाल दें।
- इस बात का ध्यान रखें कि आप चेहरे को हल्के हाथों से घिसें।
महीने में चार बार आप इस क्ले-मड मास्क का प्रयोग कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ेंः घर पर करें 15 मिनट का ये ब्यूटी रूटीन और देखें कमाल, बिना पार्लर जाए पाएंगी निखरी त्वचा
बेंटोनाइट क्ले (Bentonite clay) से स्किन को होने वाले फायदे
- बेंटोनाइट क्ले एक्जिमा, डर्मेटाइटिस और एलर्जी जैसी दिक्कतों को दूर करने का काम करता है। ये मास्क आपकी त्वचा को हानिकारक तत्वों से दूर रखने में मदद करता है।
- बेंटोनाइट क्ले से बना क्ले-मड मास्क साधारण सनस्क्रीन लोशन से कहीं ज्यादा असरदार है। इसे क्ले का प्रयोग सनस्क्रीन लोशन बनाने में किया जाता है। ये क्ले सूरज की किरणों को अच्छी तरह से सोखने का काम करती हैं।
- चेहरे पर क्ले मड मास्क का प्रयोग करने से त्वचा में कसावट आती है और झुर्रियां कम होने लगती हैं।
- यह क्ले-मड मास्क त्वचा के घाव को अच्छी तरह से भरने में मदद करता है। क्ले मास्क हमारी डैमेज टिश्यू को कम करने का काम करता है। इतना ही नहीं ये इंफेक्शन और जहरीले टॉक्सिन्स को रोकने में भी मदद करता है।
- क्ले मास्क चेहरे की त्वचा से जहरीले टॉक्सिन और अतिरिक्त चिकनाई सोखने का काम करता है।
- क्ले मास्क हमारी त्वचा की प्राकृतिक नमी बनाए रखने का काम करता है। एक अध्ययन में यह सामने आया है कि सात दिनों तक लगातार चेहरे पर क्ले मास्क लगाने से त्वचा में काफी सुधार होता है।
Read More Articles On Skin Care in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।