होंठों को खूबसूरत और मुलायम बनाने के लिए हर रोज खास देखभाल की जरूरत है। जानिए होंठों को ड्राई होने से बचाने के लिए किस तरह के नुस्खे आजमाएं।
फटे और रूखे होंठ काफी दर्दनाक हो सकते हैं। ये आपकी खूबसूरती पर भी असर डालते हैं। इस दौरान आपके होंठ रूखे, लाल, फटे, नरम और सूजे हुए हो सकते हैं। इनका मुख्य कारण विटामिन की कमी, एलर्जी रिएक्शन, पानी की कमी, धूम्रपान, होंठों को ज्यादा चूसना, सूरज की रोशनी में ज्यादा रहना और अन्य परिस्थितिजन्य कारण हो सकते हैं।
फटे होंठों के लिए कई उत्पाद मौजूद हैं। लेकिन आप घर पर ही बने कुछ आसान घरेलू उपायों के जरिये इससे छुटकारा पा सकते हैं। इससे न केवल आपके पैसे बचेंगे, बल्कि इन कुदरती उपायों का कोई दुष्प्रभाव भी नहीं है।
फटे होंठों पर जमी मृत त्वचा को हटाकर आप उनकी कुदरती कोमलता को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए दो चम्मच चीनी में एक चम्मच शहद मिलाइये। इस मिश्रण को होंठों पर लगाइये और कुछ समय लगे रहने दीजिये। अब उंगली की मदद से होंठों पर हल्की मालिश कीजिये। इससे मृत त्वचा हट जाएगी। अब गुनगुने पानी से होंठों को धो लें।
शहद बहुत अच्छा मॉश्चराइजर है। इसमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल तत्व फटे होंठों से निजात दिलाने में मदद करते हैं। इसके लिए शुद्ध शहद को दिन में कई बार फटे होंठों पर लगाइये। इसके अलावा आप शहद और ग्लिसरिन का पेस्ट बनाकर रात को सोने से पहले होंठों पर लगाइये। इससे भी आपके होंठ नाजुक बनेंगे।
जब आपके होंठ फट गए हों, तो आप गुलाब की पंखुडि़यां भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपके होंठ मॉश्चराइज होंगे। और साथ ही उनका रंग भी निखर आएगा।
गुलाब की पंखुडि़यों को पानी से अच्छी तरह धो लें। उन पत्तियों को कुछ समय तक दूध में भिगोकर रख दें। अगर आपको दुग्ध उत्पादों से कोई एलर्जी इत्यादि हो तो इन पत्तियों को ग्लिसरिन में भी भिगो सकते हैं।
पत्तियों को अच्छी तरह मैश कर लें। इस पेस्ट को दिन में दो तीन बार अपने होंठों पर लगायें। खासतौर पर रात को सोने से पहले इस पेस्ट को होंठों पर लगाने से सुबह आपको मिलेंगे नाजुक व गुलाबी होंठ।
फटे होंठों के लिए खीरा एक और कुदरती और आसान उपाय है। खीरे के एक छोटे से टुकड़े से धीरे-धीरे अपने होंठों की मसाज करें। इसे कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें। 15-20 मिनट बाद पानी से होंठ धो लें। इस प्रक्रिया को दिन में कई बार दोहरायें।
नारियल तेल प्राकृतिक मॉश्चराइर है, जो ठंडे और रूखे मौसम में आपके होंठों को फटने से बचाता है। दिन में कई बार अपने होंठों पर नारियल तेल लगायें। इससे आपके होंठों में नमी बरकरार रहेगी। आप ऑलिव ऑयल या सरसों का तेल भी लगा सकते हैं।
अरंडी का तेल भी फटे होंठों को दूर करने का कुदरती उपाय है। आपको ज्यादा कुछ नहीं करना, बस दिन में कई बार अपने होंठों पर कैस्टर ऑयल लगाना है। इसके अलावा अगर आप चाहें तो एक चम्मच केस्टर ऑयल में एक चम्म्च गिल्सरिन और कुछ बूंदे नींबू का ताजा रस अच्छी तरह मिला लें। रात को सोने से पहले इसे अपने होंठों पर लगायें। सुबह रूई को गुनगुने पानी में डुबोकर उससे होंठ साफ कर लें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहरायें जब तक आपके होंठ पूरी तरह ठीक न हो जाएं।
वसा की अधिकता के कारण मलाई एक बहुत बढि़या मॉश्चराइजर है। ताजा मलाई को अपने होंठों पर लगायें और दस मिनट तक इसे लगा रहने दें। इसके बाद गुनगुने पानी में डुबोकर उससे होंठ साफ कर लें। इस नुस्खे को रोज आजमायें।
एलोवेरा की खूबियों से तो हम सब वाकिफ हैं। अपने होंठों पर एलोवेरा जैल लगायें। इससे न केवल वे जल्दी ठीक होंगे बल्कि दर्द भी कम होगा। इसका स्वाद आपको थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन इसमें हीलिंग की बेहद जबरदस्त शक्ति होती है।
पेट्रोलियम जैली फटे और रूखे होंठों के लिए कारगर उपाय है। दिन में कई बार अपने होंठों पर पेट्रोलियम जैली लगायें। इससे आपके होंठ सुरक्षित रहेंगे। रात को सोने से पहले इसे जरूर इस्तेमाल करें। आप चाहें तो पेट्रोलियम जैली लगाने से पहले कुछ देर के लिए होंठों पर शहद भी लगा सकते हैं। कुछ देर ठहरकर आप गुनगुने पानी में डुबोकर उससे होंठ साफ कर लें। इस नुस्खे को दिन में दो बार आजमायें।
शरीरी में पानी की कमी से भी होंठ फटने लगते हैं, तो इसलिए खूब पानी पीजिये। दिन की शुरुआत एक दो गिलास पाली से कीजिये। इसके साथ ही रात को सोने से पहले भी एक गिलास पानी जरूर पियें। पानी शरीर से विषैले पदार्थ बाहर निकालने में भी मदद करता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।