
अक्सर गर्भावस्था के दौरान महिलाओं का वजन बढ़ जाता है। शिशु के जन्म के बाद महिलाएं जल्द से जल्द इस बढ़े हुए वजन से छुटकारा पाकर खुद को फिट रखना चाहती हैं।
अक्सर गर्भावस्था के दौरान महिलाओं का वजन बढ़ जाता है। शिशु के जन्म के बाद महिलाएं जल्द से जल्द इस बढ़े हुए वजन से छुटकारा पाकर खुद को फिट रखना चाहती हैं। लेकिन कई बार नतीजे उनकी उम्मीद के खिलाफ आते हैं। ऐसे में कई बार वे तनाव का शिकार भी हो जाती हैं, लेकिन अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। हम आपको बताते हैं कि गर्भावस्था के बाद आप कैसे खुद को फिट रख सकती हैं। जानिए कुछ आसान टिप्स के बारे में जो शरीर को बिना नुकसान पहुचाएं आपको फिट बनाएंगे।
सही आहार का चुनाव करें
अपना आहार चुनने से पहले यह सुनिश्चित कर लें उसमें फैट व शुगर की मात्रा अधिक नहीं हो। जिस आहार में जरूरी पोषक तत्व हों, उन्हें अपने डायट चार्ट में शामिल करें। जंक फूड व वसा युक्त आहारों को दूर से ही सलाम कर दें। ताजे फल, हरी सब्जियां व लो फैट डेयरी उत्पादों का प्रयोग हीं करें। पास्ता, ब्रेड, फलियां, अंडे, नट्स व ड्राई फ्रूट्स का भी सेवन कर सकते हैं।
भोजन करना नहीं छोड़ें
अक्सर लोग वजन कम करने के लिए एक समय का भोजन नहीं करते हैं। उन्हें लगता है कि इससे उनका वजन जल्द कम हो जाएगा। लेकिन यह धारणा बिल्कुल गलत है। ऐसा करने से आप भूख लगने के कारण स्नैक्स व अन्य चीजें खा लेते हैं जो वजन बढ़ाती हैं। इसलिए खाना कभी नहीं छोड़ना चाहिए खासकर सुबह का नाश्ता जरूर करें क्योंकि सुबह-सुबह शरीर को ऊर्जा की ज्यादा जरूरत होती है।
थोड़ा-थोड़ा कई बार खाएं
खाने छोड़ने की जगह आप दिन भर में कई बार खाएं लेकिन थोड़ा थोड़ा। अक्सर खाना खाने के बाद जब आपको भूख लगती है तो आप स्नैकस का सहारा लेती हैं जो आपका वजन बढ़ाता है। दिन में कई बार थोड़ा-थोड़ा खाने से आप स्नैक्स से तो दूर रहेंगी ही साथ ही शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलेंगे।
व्यायाम भी जरूरी है
संतुलित आहार के साथ आपको नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए। व्यायाम से आप तनाव व अनिद्रा की समस्या से निजात पा सकती हैं। खुद को फिट रखने के लिए आप योगा व एरोबिक्स भी कर सकती हैं। इसके अलावा स्वीमिंग व जॉगिंग भी कर सकती हैं।
ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं
दिन में कम से कम दस गिलास पानी पीना चाहिए। इससे शरीर में मौजूद विषैले पदार्थ व फैट को बाहर निकालने में मदद मिलती है। और आप अच्छा महसूस करती हैं। पानी आपके शरीर में नमी बनाए रखता है।
स्तनपान कराएं
गर्भावस्था के बाद खुद को फिट रखने के लिए स्तनपान कराना एक अच्छा विकल्प है। इससे आप जल्दी ही अपने बढ़े हुए वजन को कम कर सकती हैं। जब आप नियमित स्तनपान कराती है तो शरीर से 500 कैलोरी का क्षय होता है। इसलिए आप जितना ज्यादा स्तनपान कराएंगी वो आपके और शिशु दोनों के लिए फायदेमंद होगा।
पर्याप्त नींद लें
उचित खान पान व व्यायाम के साथ-साथ पर्याप्त नींद भी जरूरी है। अक्सर गर्भावस्था के बाद शिशु की देखभाल के कारण महिलाएं अपनी नींद पूरी नहीं कर पातीं । जिसके कारण भूख पर नियंत्रण करने वाले हार्मोन्स पर असर पड़ता है। इसी के चलते आप ओवरइटिंग करने लगती हैं औन नतीजतन आपका वजन बढ़ने लगता है।
Read more articles on Pregnancy in Hindi.
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।