
क्या आपको पता है कि जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी आपके सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। दरअसल एक नए शोध में ये बात सामने आई है कि जरूरत से ज्यादा पानी पीने से व्यक्ति के दिमाग में सूजन आ सकती है।
पानी हमारे शरीर के लिए महत्वपूर्ण है इसलिए कहा जाता है कि आप खूब पानी पिएं। खासकर गर्मियों में पानी की जरूरत बढ़ जाती है। कई बार कई लोग चर्बी घटाने और डायटिंग करने के लिए भी खूब पानी पीते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी आपके सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। दरअसल एक नए शोध में ये बात सामने आई है कि जरूरत से ज्यादा पानी पीने से व्यक्ति के दिमाग में सूजन आ सकती है। आइये आपको बताते हैं क्यों आपको बहुत ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए।
ज्यादा पानी से मस्तिष्क में सूजन
शोध में पाया गया है कि शरीर में ज्यादा मात्रा में पानी हो जाने पर सोडियम का लेवल तेजी से कम होने लगता है। सोडियम का स्तर घटने से मस्तिष्क में सूजन आ सकती है, जो कि एक खतरनाक स्टेज है। शोध में पाया गया है कि ज्यादा पानी पीने के कारण शरीर में असामान्य रूप से सोडियम कम होने लगता है इसलिए हाइपोट्रिमिया का खतरा बढ़ जाता है। सोडियम एक तरह का इलेक्ट्रोलाइट है, जो हमारे शरीर में पानी की मात्रा को नियंत्रित करता है।
इसे भी पढ़ें:- गर्मी में दिनभर रहते हैं एसी में तो इन 5 बीमारियों के लिए रहें तैयार
पानी का संतुलन
आमतौर पर ज्यादातर लोग जरूरत से कम पानी पीते हैं लेकिन कई लोग जो अपनी सेहत और मोटापे को लेकर ज्यादा फिक्रमंद होते हैं, जरूरत से ज्यादा पानी पी लेते हैं। जरूरत से ज्यादा पानी पीना आपकी सेहत के लिए हानिकारक है। आपके शरीर में पानी का संतुलन जरूरी है। अगर आपकी दिनचर्या सामान्य है तो आपको एक दिन में लगभग 8 ग्लास पानी पीना चाहिए। लेकिन अगर आप ज्यादा मेहनत और पसीना निकलने वाला काम करते हैं, तो आपके शरीर की पानी की जरूरत ज्यादा हो जाती है। इसी तरह गर्मियों में हमारे शरीर को सामान्य से ज्यादा पानी की जरूरत होती है।
शरीर के लिए क्यों जरूरी है पानी
क्या आप जानते हैं कि हमारे शरीर के कुल वजन का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पानी होता है। यही नहीं, हमारे शरीर के दो सबसे महत्वपूर्ण अंग दिल और दिमाग में तो लगभग 73 प्रतिशत पानी ही होता है। ये पानी शरीर में मौजूद सेल्स में भरे होते हैं। पानी हमारे शरीर के अंगों को काम करने और सभी अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए बहुत जरूरी है। अब आप सोच रहे होंगे कि जब शरीर में पहले ही इतना पानी मौजूद है, तो हमें प्यास क्यों लगती है? जवाब है, क्योंकि हमारे शरीर का पानी कई तरह के कामों में खर्च होता रहता है। जब शरीर में पानी 2-3 प्रतिशत कम हो जाता है तभी शरीर हमारे दिमाग को प्यास के संकेत भेज देता है। अब आप समझ गए होंगे कि हमें पानी की जरूरत इसलिए पड़ती है क्योंकि शरीर पानी को अपने कामों के लिेए स्टोर करके रखता है।
इसे भी पढ़ें:- जानिये क्या हैं पानी पीने के 7 सबसे सही समय
ज्यादा पानी पीने के अन्य नुकसान
- जरूरत से ज्यादा पानी पीने से भोजन को पचाने में मदद करने वाला पाचन रस काम करना बंद कर देता है। इस वजह से खाना देर से पचने लगता है।
- कई बार खाली पेट ठंडा पानी पीने से सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
- कभी- कभी हद से ज्यादा पानी पीने से हार्टअटैक भी हो सकता है।
- अगर आप जरूरत से ज्यादा पानी पीते हैं तो इससे किडनी की समस्या भी हो सकती है क्योंकि ज्यादा पानी पीने से किडनी को अपनी क्षमता से ज्यादा काम करना पड़ता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।