
गर्मी के आपके आसपास मौजूद रंगों के कारण भी आपके शरीर का तापमान बढ़ जाता है, इसलिए इस समय गाढ़े रंगों से दूरी बनायें।
गर्मी के मौसम में पारा ऊपर जाते ही मौसम के साथ तारतम्या बिठाना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो पारा इतना अधिक हो जाता है कि गर्मी बर्दाश्त करना बहुत मुश्किल होता है।
गर्मी के मौसम में तापमान को बढ़ाने के लिए आपके आसपास के माहौल का भी योगदान बहुत अधिक होता है। जैसे - अगर आपने रंगीन कपड़े पहने हैं या फिर आपके घर का डेकोरेशन रंगीन है तो गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है। इसलिए ऐसे मौसम में रंगों का चयन ऐसे करें जो गर्मी को बढ़ाने की बजाय ठंडक का एहसास कराये।
कपड़े कैसे पहनें
गर्मी के मौसम में गाढ़े रंग के कपड़े बिलकुल न पहनें, क्योंकि ये रंग सूर्य की किरणों को अवशोषित कर आपके शरीर का तापमान बढ़ा सकते हैं। इस मौसम में हल्के रंग आंखों को ठंडक पहुंचाते हैं, इसलिए जरूरी है कि कूल रहने के लिए हल्के रंग के कपड़ों का उपयोग करें। सूती कपड़े पसीने को सोखकर ठंडक देते हैं, इसलिए इस मौसम में कॉटन, शिफॉन, जॉर्जेट, क्रेप जैसे पतले और हलके कपड़े पहनें, जिनमें हवा आसानी से जा सके।
घर का इंटीरियर बदलें
गर्मी में घर का इंटीरियर भी बदलिये, घर की सजावट भी गर्मी के हिसाब से कीजिए। गर्मी से राहत पाने के लिए इंटीरियर में थोड़ा बदलाव लाएं, जिससे मन को शांति और आंखों को ठंडक मिलती रहे। बेडरूम की गहरे रंग की बेडशीट और पर्दों में बदलाव लाते हुए उन्हें हल्के रंगों से बदलना होगा। फ्लावर प्रिंट की बेडशीट व हल्के रंग के पर्दे बदलाव लाने के लिए बेहतर विकल्प हैं।
गमले जरूर लगायें
गर्मी में फूलदान में सजे ताजे फूल कमरे में ठंडक का अहसास कराते हैं। आप चाहें तो डेकोरेटिव ग्रीन प्लांट से अपने बेडरूम के एक कोने में हरियाली का आभास करा सकते हैं। ये गमले आपको ठंडक तो दंगें ही साथ इनसे आपको शुद्ध हवा भी मिलेगी।
रंगीन कालीन न बिछायें
इस मौसम में कमरे में अगर मोटा कालीन बिछा हो तो उससे भी गर्मी अधिक लगती है। कालीन को पैक करके रख दें और उसकी जगह चटाई या दरी का इस्तेमाल कीजिए। भारी सोफे के बदले केन के सोफे और हल्का फर्नीचर रखें। पीले, हरे, लाल बल्बों का उपयोग भूल कर न करें क्योंकि उससे गर्मी आकर्षित होती है। यदि आपने बेंत का फर्नीचर रखा है तो यह ठंडक देता है। फर्नीचर को आसपास न रखें। फर्नीचर को दूर-दूर रखने से कमरे में गर्मी का अहसास कम होता है।
खानपान पर ध्यान दें
इस मौसम में हल्का, ताजा और जल्दी पचने वाले आहार का सेवन करें। भूख से कम खाएं और पानी अधिक पियें। रसीले फल जैसे - तरबूज, आम, संतरा, अंगूर, खऱबूज आदि से पेट भी भरेगा और ये शरीर में पानी की जरूरत की पूर्ति भी करेंगे। इन फलों का सेवन करने से आप हाइड्रेटेड रहेंगे और निर्जलीकरण भी नहीं होगा।
गर्मी के मौसम में आपका मेकअप भी बहुत अधिक रंगीन नहीं होना चाहिए, इस समय लाइट मेकअप कीजिए। घर से बाहर निकलें तो सनस्क्रीन लोशन का प्रयोग जरूर कीजिए।
Read More Articles on Sports And Fitness in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।