मसल्स बिल्डिंग करने वाले लोग अक्सर प्रोटीन पाउडर का इस्तेमाल करते हैं ताकि पर्याप्त मात्रा में उनके शरीर को प्रोटीन मिल सके। मगर उन्हें प्रोटीन के नेचुरल स्त्रोत के बारे में पता नहीं होता है। आइए हम आपको बताते हैं।
प्रोटीन एक पोषक तत्व है। प्रोटीन हमारे शरीर के लिए आवश्यक है। यह बालों, मांसपेशियों, नाखून और कोशिकाओं के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण हैं। शरीर में प्रोटीन की आपूर्ति के लिए आप प्रोटीन पाउडर के बजाए नेचुरल स्त्रोत का चुनाव कर सकते हैं।
किसी प्रोटीन सप्लीमेंट के बजाए प्राकृतिक तरीकों से प्राप्त प्रोटीन नेचुरल प्रोटीन होता है, जिसे आप फल, सब्जियों, अनाज, अंडे और मांसाहार से प्राप्त कर सकते हैं। यहां हम आपको इसके नेचुरल स्त्रोत के बारे में बता रहे हैं।
शाकाहारी व्यक्तियों के लिए सोया हर तरह से प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। आप सोया मिल्क, सोया नट्स, टोफू, सोयाबीन आदि के रूप में ले सकते हैं। जिम करने वालों के लिए यह प्रोटीन का अच्छा स्त्रोत है।
अंकुरित अनाज या स्प्राउट्स प्रोटीन के अच्छे विकल्प हैं। इन्हें आप बिना पकाए भी खा सकते हैं। खासकर चना, मूंग, बीन्स और मूंगफली को भिगाकर खाने से या इनका स्प्राउट्स बनाकर सेवन करने से आपको प्रचुर मात्रा में प्रोटीन मिलता है।
दूध और दही में कैल्शियम और विटामिन बी-12 पर्याप्त मात्रा में मौजूद होते हैं। मगर यह प्रोटीन का भी अच्छा स्त्रोत है। अगर आपको दूध पीना पसंद नहीं है तो दही का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा पनीर भी प्रोटीन का अच्छा स्त्रोत है।
मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, मक्का, चना, सोया, रागी आदि प्रोटीन के अच्छे स्त्रोत हैं। गेंहू के साथ इन अनाजों का आटा बनाकर उनकी रोटी खा सकते हैं। इनमें प्रोटीन प्रचुर मात्रा में होता है।
फलियां प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत हैं। आहार विशेषज्ञ इन्हें प्रोटीन का सबसे अच्छा प्राकृतिक स्त्रोत मानते हैं। इनमें भरपूर मात्रा में फाइबर भी होता है, जो शरीर के लिए जरूरी है। फलियों में सभी प्रकार के सूखे और हरे बीन्स, मटर और दालें शामिल हैं।