
जरूरी नहीं कि एक्सरसाइज करने के लिए आपको बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़े या जिम जाना पड़े। एक ही जगह पर बिना शरीर को हिलाए-डुलाए भी आप आसानी से एक्सरासाइज कर सकते हैं। इन्हें आइसोमेट्रिक एक्सरसाइज कहते हैं। ये एक्सरसाइज मांसपेशियों को मजबूत बनाती हैं।
आइसोमेट्रिक एक्सरसाइज या स्टैटिक एक्सरसाइज उन्हें कहते हैं, जिन एक्सरसाइज को करने के लिए आपको अपने शरीर के अंगों को हिलाने-डुलाने की जरूरत नहीं पड़ती है। लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि इन एक्सरसाइज को करने का कोई फायदा नहीं मिलता है। आइसोमेट्रिक एक्सरसाइज आपके शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाती हैं। इन एक्सरसाइज को करते समय आपका शरीर प्रत्यक्ष रूप से कोई हरकत नहीं करता है, मगर शरीर के भीतर तमाम मसल्स एक्टिवेट रहती हैं। अगर आप अपनी बॉडी को मजबूत बनाना चाहते हैं तो इन एक्सरसाइज को करना बहुत जरूरी है। आइए आपको बताते हैं कुछ आसान आइसोमेट्रिक एक्सरसाइज।
हाथ जोड़कर एक्सरसाइज
अपने हाथों को नमस्ते की मुद्रा में लाएं। अब दाएं हाथ से बाएं हाथ पर प्रेशर डालें और बाएं हाथ से दाएं हाथ पर बराबर प्रेशर डालें। इससे आपके हाथों की मांसपेशियां मजबूत होंगी। बांहें और भुजाएं भी इससे सुडौल बनती हैं। इस तरह बिना शरीर को हिलाए-डुलाए भी आप तेजी से कैलोरीज बर्न कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें:- खुद को कैसे फिट रखती हैं सनी लियोनी? जानें उनके डाइट और वर्कआउट सीक्रेट्स
वॉल पुश (दीवार को धक्का दें)
वॉल पुश भी एक आसान आइसोमेट्रिक एक्सरसाइज है, जो आपकी बांहों और हाथों के लिए बहुत फायदेमंद है। इसके करने के लिए किसी दीवार से लगभग 2 फुट की दूरी पर खड़े हो जाएं। अब अपने हाथों को सीधा रखते हुए, दीवार पर प्रेशर डालें। दीवार पर दबाव डालते समय आपको अपनी बांहों और छाती पर दबाव महसूस होगा। ये एक्सरसाइज आपके लिए बहुत फायदेमंद है।
वॉल-ग्राउंड पुश
ग्राउंड पुश आपके हाथों के साथ-साथ पैरों के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है। इसके करने के लिए सबसे पहले किसी दीवार से अपने पैर के तलवों को सटाकर पुशअप्स करने की पोजीशन में आ जाएं। अब हाथों पर जोर लगाते हुए पैरों को दीवार पर थोड़ी उंचाई पर टिकाएं। हाथों को बिल्कुल सीधा रखें और पैरों से दीवार को धक्का दें। इस एक्सरसाइज से आपके पैरों की मांसपेशियों पर दबाव बनता है और वो मजबूत बनती हैं।
इसे भी पढ़ें:- सुबह उठने के बाद करें ये 3 एक्सरसाइज, दिनभर रहेंगे एक्टिव और एनर्जी से भरे
चेयर पोज
स्कूल में होमवर्क न किए जाने पर टीचर कई बार आपको चेयर बना देते थे। आपको जानकर हैरानी होगी कि चेयर पोज भी एक बेहतरीन स्टैटिक एक्सरसाइज है। ये एक्सरसाइज शरीर के साथ-साथ मस्तिष्क के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है। इसे करने के लिए सबसे पहले अपने हाथों को ऊपर करें और घुटनों को मोड़ते हुए ऐसी पोजीशन में आएं, जैसे आप कुर्सी पर बैठे हों। इस पोजीशन में आप जितनी देर रुक पाएं, रुकें और फिर वापस सीधा हो जाएं। इस एक्सरसाइज से आपके पूरे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन तेजी से बढ़ता है।
Read More Articles On Exercise & Fitness in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।